हमारे बारे में

वैश्विक साहित्य में हिन्दी को स्थापित करने वाले तथा उसकी विशिष्ट पहचान देने वाले साहित्यकारों एवं उनकी रचनाओं पर केन्द्रित ‘हिन्दी साहित्य कोश‘ नामक यह वेबसाइट हिन्दी-साहित्य प्रेमियों की सेवा में प्रस्तुत है। सूचना-प्रौद्योगिकी के वर्तमान युग में हिन्दी-साहित्य के प्रचार-प्रसार तथा उसकी पहचान हेतु इंटरनेट का उपयोग करना मजबूरी भी है और मजबूती भी। इसके माध्यम से लगभग तेरह सौ वर्षों में फैले हिन्दी-साहित्य के इतिहास को प्रस्तुत करने के साथ ही हिन्दी की उत्कृष्ट कृतियों के प्रसिद्ध अंशों को सम्पूर्ण विश्व के समक्ष रखा जा सकता है, जिससे विश्व की अन्य भाषाओं से उसकी तुलना सुगमतापूर्वक की जा सके।
‘हिन्दी साहित्य कोश‘ हिन्दी भाषा के अधिकांश रचनाकारों व उनकी रचनाओं का एक विस्तृत संकलन प्रस्तुत करने के साथ ही हिन्दी के प्रसिद्ध कवियों, लेखकों, नाटककारों, निबन्धकारों आदि की कृतियों से उनकी प्रसिद्ध पंक्तियों का उद्धरण प्रस्तुत करने का एक विनम्र प्रयास है। ‘हिन्दी साहित्य कोश‘ में अलग-अलग विषयों पर विभिन्न कवियों की रचनाओं के अंश प्रस्तुत हैं, जिससे विभिन्न कालखण्डों में पैदा हुए कवियों की वैचारिक साम्यता एवं एक ही युग में पैदा कवियों की मतभिन्नता पर नजर डालने के साथ-साथ परवर्ती रचनाकारों पर उनके पूर्ववर्तियों का प्रभाव दृष्टिगत करना आसानी से सम्भव होगा। इस तुलनात्मक अध्ययन से हिन्दी-साहित्य में निरंतर हो रहे परिवर्तनों तथा विकास पर भी दृष्टि डाली जा सकती है। इससे हिन्दी-साहित्य के विद्यार्थियों व शोधार्थियों के अलावा शौकिया तौर पर हिन्दी-साहित्य में रुचि रखने वालों को सहायता मिलेगी, यही उम्मीद है। अपने सुझाव, विचार व प्रतिक्रिया हमें अवश्य भेजें ताकि ‘हिन्दी साहित्य कोश‘ को पाठकों के लिए अधिकाधिक उपयोगी बनाया जा सके।